Virat Kohli meet Premanand Maharaj: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक यात्रा पर नजर आए। दोनों मंगलवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। यह इस साल प्रेमानंद महाराज से उनकी तीसरी मुलाकात बताई जा रही है। इससे पहले दोनों 4 जनवरी 2023 को भी दर्शन के लिए आ चुके हैं।
आश्रम में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। दोनों जमीन पर घुटनों के बल बैठकर महाराज जी के सामने हाथ जोड़कर उनकी बातें सुनते रहे। इस दौरान अनुष्का शर्मा ने कहा, “महाराज जी, हम आपके हैं और आप हमारे हैं।” इस पर प्रेमानंद महाराज मुस्कुराए और उन्होंने दोनों को मस्त रहने और ईश्वर पर भरोसा रखने का संदेश दिया।
प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का को जीवन और कर्म को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अपने काम को भगवान की सेवा समझकर करना चाहिए और जीवन को उज्ज्वल बनाना चाहिए। महाराज जी ने यह भी कहा कि जब तक भगवान का साक्षात्कार न हो जाए, तब तक इंसान की यात्रा रुकनी नहीं चाहिए। उन्होंने भक्ति, विश्वास और आनंद के साथ जीवन जीने की सीख दी।
मुलाकात के दौरान विराट कोहली शांत भाव से महाराज जी की बातें सुनते नजर आए। उनके माथे पर तिलक लगाया गया और गले में तुलसी की माला भी पहनाई गई। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों की आध्यात्मिक आस्था और सादगी की खूब चर्चा हो रही है।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर आध्यात्मिक स्थलों पर जाते रहते हैं और खुले तौर पर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से यह मुलाकात एक बार फिर दिखाती है कि व्यस्त जीवन और प्रोफेशनल सफलता के बावजूद दोनों आध्यात्मिक शांति और ईश्वर से जुड़ाव को कितना महत्व देते हैं।
