Drishyam-3 Movie Total Collection: अजय देवगन स्टारर फिल्म 'दृश्यम 3' (दृश्यमः द कंक्लूजन) ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की है। रिलीज के शुरुआती दो दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 177 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
इसके साथ ही यह फिल्म इस साल की टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने दो दिनों में 115.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है।
वहीं, 'दृश्यम 3' के थिएटर्स में आने से पहले से चल रही फिल्म 'हनुमान अंश' की कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है।
दूसरे दिन भारत में कमाए 53.50 करोड़ रुपए
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म 'दृश्यम 3' की एडवांस बुकिंग 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की रही थी। फिल्म ने पहले दिन शुक्रवार को दुनियाभर में 93 करोड़ रुपए का कलेक्शन दर्ज किया था।
दूसरे दिन शनिवार को भी फिल्म की अच्छी पकड़ बनी रही। भारत में शनिवार को फिल्म ने 53.50 करोड़ रुपए का नेट बिजनेस किया, जबकि शुक्रवार को 62 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी। दो दिनों में फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 138.60 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
सलमान की 'सिकंदर' और पहली 'दृश्यम' का रिकॉर्ड टूटा
'दृश्यम 3' की दो दिनों की कमाई ने कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने सलमान खान की 'सिकंदर' के 176 करोड़ रुपए के कुल कलेक्शन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके साथ ही फिल्म ने साल 2015 में रिलीज हुई फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म 'दृश्यम' के 107 करोड़ रुपए के लाइफटाइम बिजनेस को भी शनिवार सुबह पार कर लिया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म ने अब तक 4 मिलियन डॉलर (करीब 33 करोड़ रुपए) का कारोबार किया है।


